कोंडागांव।
नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में जिले में संचालित शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की प्रगति एवं विभागीय कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले में जारी धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए धान खरीदी एवं धान उठाव में आ रही समस्याओं पर विशेष चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान उठाव की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने रजत जयंती कार्यक्रमों के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए पुनर्वास केंद्रों में संचालित गतिविधियों की समीक्षा की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण कार्यों की स्थिति, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले बस्तर पंडुम की तैयारियों एवं पंजीयन की स्थिति पर विशेष चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए, ताकि आयोजन सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर चित्रकांत चाली ठाकुर सहित जिले के सभी विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।










