अनियमितता पर पंचायत सचिव निलंबित, विभागीय जांच शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोंडागांव। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में गंभीर अनियमितता के मामले में जिला पंचायत कोंडागांव ने सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत चिचाड़ी, जनपद पंचायत बड़ेराजपुर के सचिव हीरामन मरकाम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित की गई है।

जिला कलेक्टर के जनदर्शन में प्राप्त शिकायत के आधार पर गठित जांच दल द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की शासकीय राशि के दुरुपयोग की पुष्टि हुई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसके जवाब में उन्होंने अपनी गलती स्वीकार की। दोष सिद्ध पाए जाने पर छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम, 1998 तथा छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम, 1999 के तहत यह कार्रवाई की गई।

निलंबन अवधि के दौरान संबंधित सचिव का मुख्यालय जनपद पंचायत बड़ेराजपुर निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

इस संबंध में अविनाश भोई, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोंडागांव ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जैसी जनकल्याणकारी योजना में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai