ग्राम जोंधरा में वृहद पुल निर्माण से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अब सुगम आवागमन, शिक्षा–स्वास्थ्य और आजीविका गतिविधियों को मिली गति — तीन गांवों को आवागमन में स्थायी सुविधा

कोंडागांव। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क एवं पुल–पुलिया जैसी मूलभूत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए शासन द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में माकड़ी विकासखण्ड के माकड़ी–हटवारपारा–गलीपारा रोड पर ग्राम जोंधरा (सीएच-3200 मी.) में 43 मीटर लंबा वृहद पुल निर्माण पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी सुविधा मिली है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत 3 करोड़ 95 लाख 25 हजार रुपये की लागत से निर्मित यह पुल ग्रामीण संपर्क को नई मजबूती प्रदान कर रहा है। लगभग 10 किलोमीटर लंबे मार्ग पर बने इस महत्वपूर्ण निर्माण से बरसात में होने वाली आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हो गया है।
पुल निर्माण से न केवल ग्राम जोंधरा, बल्कि बुडरा, धारली और राकशबेड़ा सहित तीन प्रमुख गांवों को सीधा लाभ मिल रहा है। अब विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए आवागमन सुगम हो गया है, जिससे समय और संसाधनों की बचत भी हो रही है।
ग्राम बुडरा की निवासी श्रीमति जयबती पोयाम ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा—
“पुल के बन जाने से हम बहुत खुश हैं, अब बरसात में आने-जाने में आसानी होगी और एम्बुलेंस भी सीधे गांव तक आ सकती है। पहले बरसात में पानी भर जाने से रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता था।”
पहले नदी-नाले उफान पर होने से ग्रामीणों को घंटों इंतजार और जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ता था, वहीं अब वर्षभर सुरक्षित और निर्बाध परिवहन संभव हो गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को गति मिलते ही ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai