कबड्डी मैच में करंट का कहर… तीन की मौत, कई घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोंडागांव/बड़ेराजपुर।
जिले के ग्राम रावसवाही में शनिवार की रात कबड्डी मैच के दौरान बड़ा हादसा हो गया। हाई टेंशन तार की चपेट में आने से तीन ग्रामीणों की मौत हो गई, वहीं आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्राम रावसवाही में देर रात कबड्डी प्रतियोगिता चल रही थी। खेल देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इसी बीच अचानक तेज आंधी-तूफान आया, जिससे हाई टेंशन तार के नीचे लगा टेंट हवा में उठकर बिजली तार से टकरा गया। जैसे ही टेंट तार से सटा, करंट पूरे मैदान में फैल गया और लोग उसकी चपेट में आ गए।

घटना में करीब आधा दर्जन लोग मौके पर ही बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल ग्रामीणों की मदद से विश्रामपुरी अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल कोंडागांव रिफर करने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ घायल अभी तक अस्पताल नहीं पहुंच पाए हैं, जिससे संख्या और बढ़ सकती है।

इस दर्दनाक हादसे से गांव का माहौल ग़मगीन हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि हाई टेंशन तार के नीचे टेंट लगाने की अनुमति नहीं दी जाती, तो यह घटना टल सकती थी। घटना ने बिजली विभाग और प्रशासन की लापरवाही पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai