कलेक्टर ने कृषि, पशुधन, मत्स्य एवं उद्यानिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लक्ष्मीनाथ नाग

कोंडागांव जिले में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शनिवार को कृषि, पशुधन, मत्स्य और उद्यानिकी विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक की शुरुआत कृषि विभाग के रबी फसल की बोनी के लक्ष्यों की जानकारी से हुई, जिसमें मक्का की खेती को विशेष प्राथमिकता दी गई। कलेक्टर ने धान कटाई की प्रगति पर चर्चा करते हुए प्रति एकड़ उत्पादकता का विवरण सभी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों से लिया। गुणवत्तापूर्ण बीज की उपलब्धता पर जोर देते हुए उन्होंने बीज भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए समितियों को निर्देशित किया ताकि किसानों को समय पर बीज प्राप्त हो सके। रबी फसल के तहत किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ लेने वाले किसानों की संख्या कम होने पर उन्होंने इसमें सुधार लाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
रबी फसल के लिए उर्वरक सहकारी दुकानों से खरीदने के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए धान खरीदी केंद्रों पर बैनर और पोस्टर लगाने के निर्देश दिया। उन्होंने निजी दुकानों की बजाय सहकारी दुकानों से उर्वरक खरीदने पर जोर दिया।
*पीएम किसान सम्मान निधि योजना और फसल विविधीकरण पर जोर*
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत ई-केवाईसी और आधार सीडिंग की प्रगति की जानकारी ली। ग्रीष्मकालीन फसल में दलहन और तिलहन को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए उन्होंने किसानों को धान की जगह अन्य फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने का सुझाव दिया। इसके लिए चयनित किसानों को जल्द बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डब्ल्यूडीसी योजना के तहत बने चेक डैम और सिंचाई सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी चेक डैम कार्यशील स्थिति में हो और सभी डेम के गेट बंद हो।
पशुधन विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कृत्रिम गर्भाधान से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही पशुपालन के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के लंबित मामलों को शीघ्र निराकरण करने का निर्देश दिया ताकि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके। मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई के संचालन पर ध्यान देते हुए उन्होंने पशुपालकों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए गांवों का समयबद्ध निर्धारण करने की बात कही। साथ ही पशु संगणना के प्रगति की जानकारी भी ली।

कलेक्टर ने मत्स्य विभाग से पंचायतों के तालाबों की स्थिति की जानकारी ली और मार्च तक पट्टे आबंटन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उद्यानिकी विभाग के अंतर्गत पोलिनेशन सपोर्ट थ्रू बी कीपिंग योजना की जानकारी ली और किसानों को प्रशिक्षण देने और योजनाओं को शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिले में पाम ऑयल और लेमन ग्रास की खेती की प्रगति पर भी चर्चा की गई। साथ ही विभागीय कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन आधिकारी अविनाश भोई सहित जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे ।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai