सेवा संकल्प अभियान में बालेंगा पहुंचा प्रशासन, ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ समाधान

जनसमस्या निवारण शिविर में उमड़ा जनसैलाब, विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा—जनभागीदारी से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव

बालेंगा/बड़ेराजपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु कार्यक्रम के अंतर्गत बड़ेराजपुर विकासखंड के ग्राम बालेंगा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुखमन नेताम सहित जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और सड़क, शिक्षा, आवास, रोजगार, कृषि, आजीविका सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी मांगों एवं समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद का यह शिविर सेवा संकल्प अभियान की जनभागीदारी आधारित पहल के रूप में सामने आया।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : टेकाम

शिविर को संबोधित करते हुए विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और जनकल्याण की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ेराजपुर क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के क्षेत्र में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में तहसील कार्यालय और थाना स्थापित करने की दिशा में प्रयास जारी हैं तथा भविष्य में बड़ेराजपुर को विकासखंड कार्यालय के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। शिक्षा सुविधाओं के विस्तार, स्कूल एवं आश्रमों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सड़क, शिक्षा और आजीविका पर विशेष जोर

विधायक टेकाम ने कहा कि बड़ेराजपुर को बेहतर सड़क और कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए कार्य जारी हैं। किसानों की आय बढ़ाने के लिए तालाब निर्माण, मछली पालन सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ेराजपुर अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपरा, विरासत और कृषि पहचान के लिए जाना जाता है। क्षेत्र के युवा कलाकार अपनी प्रतिभा के माध्यम से क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने ग्रामीणों से ग्रामसभा में सक्रिय भागीदारी करने तथा अपनी आवश्यकताओं और समस्याओं को ग्रामसभा के माध्यम से सामने रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और जनता के समन्वय से ही क्षेत्र का सर्वांगीण विकास संभव है।

सेवा संकल्प अभियान बना जनता और शासन के बीच सेतु : कलेक्टर

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिलेभर में जनकल्याणकारी गतिविधियों एवं विकास कार्यों को गति दी जा रही है। अभियान की शुरुआत गांवों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ की गई है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन प्रस्तुत करने की अपील करते हुए कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं और आवश्यकताओं को सामने लाकर उनका यथासंभव समाधान करना है।

जनपद पंचायत अध्यक्ष सुखमन नेताम ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। उन्होंने मंच से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।

शिविर में हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

समाज कल्याण विभाग द्वारा 4 ट्राइसिकल, 3 व्हीलचेयर, 1 ब्लाइंड स्टिक एवं 3 श्रवण यंत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 10 हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबी प्रदान की गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 24 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया गया। इस दौरान 5 गोद भराई एवं 5 अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराए गए।

मत्स्य विभाग द्वारा 2 मछली पकड़ने के जाल, 1 आइस बॉक्स तथा स्पॉन संवर्धन योजना के तहत 2 हितग्राहियों को खाद का वितरण किया गया।

वहीं श्रम विभाग द्वारा मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत एक हितग्राही को 20 हजार रुपये तथा मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत एक हितग्राही को 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश

शिविर में ग्रामीणों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित मांग एवं शिकायतों के आवेदन प्रस्तुत किए गए। अधिकारियों ने आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नारायण नेताम, श्रीमती अनीता नेताम, जनपद सदस्य अंजोरी नेताम, मन्ना राम नेताम सहित अन्य जनपद सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, केशकाल एसडीएम आकांक्षा नायक, तहसीलदार लखेश्वर यादव, जनपद पंचायत सीईओ, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment