कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना का बड़ा विजन: कोपाबेड़ा उद्यान रोपणी बनेगी हाईटेक पौध उत्पादन एवं किसान प्रशिक्षण का मॉडल सेंटर

आधुनिकीकरण, उच्च गुणवत्ता वाले पौध उत्पादन, ड्रैगन फ्रूट व उन्नत आम की खेती पर विशेष जोर, किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण सीडलिंग उपलब्ध कराने के निर्देश।

कोण्डागांव। जिले में उद्यानिकी क्षेत्र को नई दिशा देने की पहल करते हुए कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने गुरुवार को कोपाबेड़ा स्थित शासकीय उद्यान रोपणी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रोपणी में संचालित गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया और इसे आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित कर चरणबद्ध तरीके से विकसित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रोपणी को इस प्रकार विकसित किया जाए, जिससे यह किसानों के लिए आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन और प्रशिक्षण का आदर्श केंद्र बन सके। उन्होंने रोपणी में उपलब्ध विभिन्न उद्यानिकी फसलों का वैज्ञानिक ढंग से श्रेणीकरण कर व्यवस्थित विकास करने के निर्देश दिए, ताकि किसान एवं आमजन एक ही स्थान पर विभिन्न प्रजातियों की जानकारी प्राप्त कर सकें।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ड्रैगन फ्रूट तथा आम की नवीनतम उन्नत किस्मों की आधुनिक खेती के फ्रंटलाइन डेमोन्स्ट्रेशन स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले के किसानों को सब्जी वर्गीय फसलों के उच्च गुणवत्ता वाले पौधे उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संरचनाओं का शीघ्र विकास किया जाए तथा उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण सीडलिंग की सहज उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने रोपणी परिसर के समग्र सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में यह परिसर किसानों के लिए प्रशिक्षण, प्रदर्शन एवं प्रेरणा का उत्कृष्ट केंद्र बने।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सहायक संचालक उद्यानिकी श्रीमती करूणा कश्यप, रोपणी प्रभारी श्री लोकेश्वर प्रसाद सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment