कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना की सख्त हिदायत—किसानों, विद्यार्थियों और आमजन से जुड़े हर मुद्दे पर तेज़ कार्रवाई के निर्देश
कोण्डागांव, 7 जुलाई। जिला कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित के मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।
बैठक में कलेक्टर ने किसानों के हितों को सर्वोपरि बताते हुए जिले में खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, कृषि केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मानसून को देखते हुए प्रशासन अलर्ट
वर्षा ऋतु के मद्देनज़र कलेक्टर ने बाढ़ प्रबंधन एवं आपदा राहत तैयारियों की समीक्षा करते हुए संभावित प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न, राहत सामग्री और आवश्यक संसाधनों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मौसमी बीमारियों की रोकथाम, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और जनजागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।
शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान नए शैक्षणिक सत्र के सुचारू संचालन, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, विद्यार्थियों की अपार आईडी तथा जाति प्रमाण-पत्र निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने आश्रम-छात्रावासों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनिवार्य जांच कर विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
स्वच्छता, जलापूर्ति और डिजिटल सेवाओं पर विशेष फोकस
स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुए चयनित ग्राम पंचायतों में कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा नगरीय क्षेत्रों में शत-प्रतिशत कचरा पृथक्करण के बाद ही संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण हो चुके गांवों में ग्रामीणों की सहभागिता से नल-जल योजनाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जिले के अटल डिजिटल सेवा केन्द्रों के भवन निर्माण एवं संचालन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शीघ्र संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘सेवा सेतु’ पहल के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग सेवाओं सहित विभिन्न शासकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों पर भी होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने नगरीय निकायों के अधिकारियों को सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों को हटाने के लिए प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।









