308 करोड़ के केशकाल घाट बायपास को मिली रफ्तार: उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश के बाद जारी हुआ कार्यादेश

बस्तर की यातायात व्यवस्था में आएगा ऐतिहासिक बदलाव, 11.38 किमी फोरलेन बायपास के निर्माण का रास्ता साफ

कोंडागांव। बस्तर अंचल के लिए बहुप्रतीक्षित और महत्वाकांक्षी केशकाल घाट फोरलेन बायपास परियोजना को आखिरकार गति मिल गई है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देशों के बाद लोक निर्माण विभाग ने शुक्रवार को चयनित निर्माण एजेंसी को कार्यादेश (वर्क ऑर्डर) जारी कर दिया है। इस महत्वपूर्ण कदम के साथ अब 308 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले बायपास के निर्माण कार्य का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया है।
गौरतलब है कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने हालिया बस्तर प्रवास के दौरान 5 जून को स्वयं केशकाल घाट बायपास रूट का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ परियोजना के दोनों छोरों का जायजा लेते हुए कार्यों में तेजी लाने और लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए थे।
उप मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद लोक निर्माण विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूर्ण कीं और आज निर्माण एजेंसी को कार्यादेश जारी कर दिया।
बस्तर की लाइफलाइन बनेगा केशकाल बायपास
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजना को पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि केशकाल घाट बायपास केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि बस्तर के विकास और यातायात सुगमता की नई पहचान बनने जा रही है।
उन्होंने कहा कि रायपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यह बायपास बेहद महत्वपूर्ण है और इसकी जल्द से जल्द पूर्णता राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
308 करोड़ की लागत, 11.38 किमी लंबा फोरलेन मार्ग
लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित किए जाने वाले इस महत्वाकांक्षी बायपास की कुल लंबाई 11.38 किलोमीटर होगी। परियोजना पर 308 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। मार्ग को अत्याधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिसमें—
✔️ 2 वृहद पुल (Major Bridges)
✔️ 2 मध्यम पुल (Medium Bridges)
✔️ फोरलेन सड़क निर्माण
✔️ सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था
शामिल हैं।
बस्तर के विकास को मिलेगा नया आयाम
विशेषज्ञों के अनुसार केशकाल घाट बायपास बनने के बाद रायपुर से जगदलपुर और बस्तर के अन्य हिस्सों तक आवागमन अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक हो जाएगा। इससे पर्यटन, व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment