जगदलपुर से वापसी के दौरान ग्राम गम्हरी पहुंचे सांसद भोजराज नाग एवं पूर्व विधायक जिला अध्यक्ष सेवक राम नेताम, अनवर साहु एवं कामनी साहु के परिवार से की मुलाकात
कोंडागांव/गम्हरी — क्षेत्रीय सांसद भोजराज नाग ने जगदलपुर से वापसी के दौरान ग्राम गम्हरी पहुंचकर अनवर साहु एवं कामनी साहु की माताजी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
सांसद भोजराज नाग, पुर्व विधायक राम नेताम ने परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात करते हुए कहा कि माता-पिता का साया जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होती है और उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवार को धैर्य एवं साहस बनाए रखने की बात कही।
ग्राम गम्हरी में सांसद के आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं समाज के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत माता जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर क्षेत्र के सरपंच महागू राम मरकाम, माहा मंत्री जिवनदास मानिकपुरी ने भी शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि पूरे गांव की भावनाएं परिवार के साथ जुड़ी हुई हैं। सांसद भोजराज नाग द्वारा व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर सांत्वना देने की ग्रामीणों ने सराहना की और इसे संवेदनशील जनप्रतिनिधित्व का परिचायक बताया।
परिवारजनों ने सांसद भोजराज नाग एवं उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सभी का साथ उन्हें संबल प्रदान कर रहा है।








