गम्हरी
विकास खंड बड़े राजपुर के अन्तर्गत ग्राम पंचायत गम्हरी में लंबे समय से पटवारी की अनुपस्थिति के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी ग्रामीणों को बार-बार पटवारी कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे लोगों में नाराजगी और असुविधा बनी हुई थी।
इसी बीच गम्हरी हल्का क्रमांक 22 में नवनियुक्त पटवारी रूपेश कुमार नेताम ने पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके कार्यभार संभालते ही क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों के लंबे समय से लंबित कार्य अब तेजी से पूरे होने लगे हैं, जिससे लोगों में राहत और संतोष का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें छोटे-छोटे कामों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। नए पटवारी के सक्रिय और जिम्मेदार रवैये से लोगों को उम्मीद है कि राजस्व से जुड़े सभी कार्य समय पर और पारदर्शिता के साथ पूरे होंगे।
रूपेश कुमार नेताम के पदभार ग्रहण करते ही ग्राम गम्हरी में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने डिजिटल मीडिया के माध्यम से भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। यह पहली बार देखा जा रहा है कि किसी पटवारी के आगमन पर लोगों ने इतनी खुलकर खुशी जाहिर की है।
अब गम्हरी के लोगों को विश्वास है कि प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी और उनकी समस्याओं का समाधान सरलता से हो सकेगा।









