लक्ष्मीनाथ नाग
कोण्डागांव जिले में पुलिस नेतृत्व में अहम बदलाव हुआ है। श्री पंकज चन्द्रा भापुसे, पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव, 06 अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में आयोजित 48वीं आईपीएस इंडक्शन ट्रेनिंग कोर्स में भाग लेने रवाना हो गए हैं।
उनके स्थान पर अतिरिक्त प्रभार के रूप में श्री त्रिलोक बंसल भापुसे ने 06 अप्रैल 2026 को कोण्डागांव जिले के पुलिस अधीक्षक का कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
कार्यभार संभालते ही श्री बंसल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारियों, थाना प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा की।
बैठक में उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश देते हुए कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और अपराधियों के खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिसिंग को संवेदनशील और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया।
इसके साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने, जनता के साथ विश्वास और सहयोग मजबूत करने तथा प्रत्येक थाना क्षेत्र में बीट सिस्टम, जनसंपर्क कार्यक्रम और नियमित क्षेत्र भ्रमण को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
श्री बंसल ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी गतिविधियों पर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा जनसेवा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएं।
वहीं कोण्डागांव पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की सूचना या शिकायत के लिए नजदीकी थाना या नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।










