कोंडागांव
क्षेत्र में लंबे समय से चल रही लो-वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर किसानों द्वारा किए गए चक्का जाम के बाद अब विद्युत विभाग ने नया बिजली आपूर्ति शेड्यूल जारी किया है। विभाग ने विभिन्न 11 केवी फीडरों के लिए समय निर्धारित करते हुए बिजली आपूर्ति को व्यवस्थित करने की घोषणा की है।
जारी शेड्यूल के अनुसार टाउन, करमरी, हरवेल, कोपरा, गम्हरी, बालेंगा, मरांगपुरी, बड़बत्तर, खजरावंड और किबड़ा सहित कई फीडरों में निर्धारित समय के अनुसार बिजली बंद रखी जाएगी, जबकि अन्य फीडरों में आपूर्ति जारी रहेगी। विभाग के अनुसार यह व्यवस्था लोड प्रबंधन और संतुलित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है।
इन गांवों में पड़ेगा बिजली कटौती का असर
नई व्यवस्था के तहत बड़बत्तर, जामपारा, गुडरीपारा, पिधापाल, कोलियारीडिही, जोडेकेरा, करमरी, गम्हरी, मोतीनपारा, कुलदाडीह, धोंधरा, कोपरा, मुंडापारा, नौकाबेड़ा, छिंदली, बांसकोट, लिहागांव, टेटरवाड़ा, बिजूपारा, तराईबेडापारा, हल्दा, भर्रीडीह, हल्दीपारा, चिवड़ी, पलना, मरांगपुरी, खासपारा, पांडेपारा, तेनवासा, पडोकी, छोटे राजपुर, कंकेरियापारा, धामनपुरी, हरवेल, सराईपारा, बालेंगा, डोंगरीपारा, ओंडकापारा, गेटपारा, बन्नूपारा, आमगांव, खजरावंड, रावासवाही और किबड़ा सहित आसपास के कई गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
निर्धारित समय में रहेगी बिजली बंद
विद्युत विभाग द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार विभिन्न फीडरों में अलग-अलग समय पर बिजली आपूर्ति बंद रहेगी —
प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक
दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक
रात्रि 8 बजे से प्रातः 2 बजे तक
प्रातः 2 बजे से सुबह 6 बजे तक
सुबह 6 से 8 बजे तक मिलेगी निर्बाध बिजली
विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक सभी 12 फीडरों में बिजली आपूर्ति बिना किसी कटौती के चालू रहेगी, ताकि लोगों को सुबह के समय दैनिक कार्यों में परेशानी न हो।
नागरिकों से सहयोग की अपील
विद्युत विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के अनुसार बिजली उपयोग की योजना बनाएं और किसी भी तकनीकी समस्या या शिकायत की स्थिति में संबंधित विद्युत कार्यालय से संपर्क करें।











