कोंडागांव में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कोंडागांव जिले में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। लखपति दीदी योजना के अंतर्गत जिले की चार महिलाओं को ई-रिक्शा प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार की राह दिखाई गई।
रविवार को मोर सुआद परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी के मुख्य आतिथ्य में ई-रिक्शा का वितरण किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना और पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विधायक सुश्री लता उसेंडी और कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासन की यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा के माध्यम से महिलाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा और वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकेंगी।
इन महिलाओं को मिला ई-रिक्शा
दीदी ई-रिक्शा योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत हितग्राहियों को ई-रिक्शा प्रदान किया गया। इनमें
श्रीमती मेहन्दी बाई पाण्डे (ग्राम सातगांव)
श्रीमती बुका कश्यप (ग्राम पंचायत दुधगांव चिखलपुटी)
श्रीमती सोमारी बाई (ग्राम पंचायत दुधगांव चिखलपुटी)
श्रीमती मीना पटेल (ग्राम संबलपुर)
शामिल हैं। इस पहल से इन महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे और वे अपने परिवार की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी।
बिहान मिशन की रही महत्वपूर्ण भूमिका
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ की टीम ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर जिला मिशन प्रबंधक विनय सिंह, डीपीएम कुंजलाल सिन्हा, दुर्योधन मेघ, बीपीएम फागूराम साहू, श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
महिला दिवस पर मिली यह सौगात महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।











