अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अधीक्षक की सख्त बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लक्ष्मीनाथ नाग

कोंडागांव। जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) द्वारा जिला स्तरीय विशेष क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई तथा पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए, ताकि आम जनता को त्वरित न्याय मिल सके। उन्होंने लंबे समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और लंबित समंस व वारंट की शत-प्रतिशत तामिली सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने अपराधों की रोकथाम के लिए विजिबल पुलिसिंग को बढ़ाने पर जोर देते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में लगे चेक पोस्टों के माध्यम से सघन निगरानी रखने के आदेश दिए। साथ ही असामाजिक तत्वों और अपराधियों पर कड़ी नजर रखते हुए उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को और प्रभावी बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा विवेचना की गुणवत्ता में सुधार कर न्यायालय में दोषसिद्धि प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला अभियोजन अधिकारी से समन्वय स्थापित कर मामलों का त्वरित निराकरण करने की बात कही गई।

पुलिस अधीक्षक ने जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत बनाने के लिए ग्रामों में चलित थाना एवं सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। इसके तहत साइबर क्राइम, एटीएम एवं बैंक फ्रॉड और यातायात नियमों के पालन को लेकर सभी थाना क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया।

इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को “कॉफ ऑफ द मंथ” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनमें निरीक्षक सौरभ उपाध्याय (थाना प्रभारी कोंडागांव), प्रधान आरक्षक भावेश मंडावी, उपनिरीक्षक सरोज प्रर्मिला (एम) एवं प्रधान आरक्षक लुमेश कुलदीप शामिल रहे।

क्राइम मीटिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai