लक्ष्मीनाथ नाग
कोंडागांव अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव द्वारा होली पर्व का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। होली से एक दिन पूर्व पूर्व सैनिकों एवं निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षणार्थियों ने मिलकर रंगोत्सव का आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों ने प्रशिक्षणार्थियों को रंग-गुलाल लगाकर मिष्ठान वितरण किया। देशभक्ति एवं पारंपरिक होली गीतों पर सभी ने सामूहिक नृत्य कर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। पूरे वातावरण में उत्साह, अनुशासन और आत्मीयता का समन्वय देखने को मिला।
इस अवसर पर परिषद के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की विजय, प्रेम, एकता और भाईचारे का प्रतीक है। यह पर्व सामाजिक सद्भाव, क्षमा और नवआरंभ की प्रेरणा देता है।
जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सौहार्द्र और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला पर्व है। सनातन संस्कृति का प्रत्येक उत्सव समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। होली हमें जात-पात, ऊँच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर एकता के सूत्र में बंधने का अवसर देती है।
कार्यक्रम में परिषद के उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, सदस्य रतिराम सोरी, श्रीकांत तिवारी, ढालेश साहू, राकेश धीवर, सेवारत सैनिक टंकेश्वर सेन सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
समारोह का समापन राष्ट्रभक्ति गीतों एवं आपसी सौहार्द्र के संदेश के साथ हुआ। आयोजन ने यह संदेश दिया कि पूर्व सैनिक न केवल राष्ट्र सुरक्षा के प्रतीक हैं, बल्कि सामाजिक एकता और संस्कारों के भी सशक्त प्रेरणास्रोत हैं।










