लक्ष्मीनाथ नाग
कोण्डागांव होली पर्व के दौरान वन क्षेत्रों में संभावित अवैध कटाई एवं अन्य वन अपराधों की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने कड़ी सतर्कता बरतते हुए विशेष निगरानी अभियान प्रारंभ किया है।
वन मंडलाधिकारी चूड़ामणि सिंह के निर्देशानुसार जिले के संवेदनशील वन क्षेत्रों में सघन निगरानी और रात्रि गश्त की जा रही है। अभियान का संचालन उप वन मंडल अधिकारी (पूर्व) केजू राम पोयाम के निर्देशन तथा दहिकोंगा परिक्षेत्र अधिकारी बिजन शर्मा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
खुटडोबरा ‘अ’ और ‘ब’ में विशेष निगरानी
वन परिसर खुटडोबरा ‘अ’ एवं ‘ब’ क्षेत्रों में वन अमले द्वारा पैदल गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
उप वन क्षेत्रपाल हरीश यादव, परिसर रक्षक अजय नाग एवं मुन्नाराम मरकाम सहित समिति सदस्यों के सहयोग से रात्रि भ्रमण कर संभावित अवैध कटाई और अन्य गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।
वन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के अवसर पर वन संपदा को क्षति पहुंचाने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आमजन से सहयोग की अपील
वन विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध कटाई या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
वन विभाग की सक्रियता से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिल रही है तथा वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।










