कोंडागांव। जिले की कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने संवेदनशील प्रशासनिक पहल का परिचय देते हुए अपने बच्चों के प्रथम जन्मदिन के अवसर पर शासकीय उच्च प्राथमिक शाला बेलोतीपारा (मसौरा) में विद्यार्थियों के साथ खुशियां साझा कीं। इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत विद्यालय में ‘न्योता भोज’ का आयोजन कराया गया, जिसमें बच्चों को स्नेहपूर्वक भोजन परोसा गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को कॉपी एवं पेन भेंट कर उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और विद्यालयीन गतिविधियों की जानकारी भी ली, जिससे बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ।
न्योता भोज में खीर, पूरी, सब्जी एवं पुलाव जैसे स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन परोसे गए, जिसका विद्यालय के विद्यार्थियों ने पूरे आनंद और उत्साह के साथ स्वाद लिया। इस आयोजन ने बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना दिया।

कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती शुक्ली बाई, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, जिला मिशन समन्वयक श्री ईमल बघेल, बीआरपी श्री अशोक साहू, प्रधानाध्यापिका श्रीमती हीना साहू, श्रीमती सुनीता मरकाम, संकुल प्राचार्या श्रीमती रीबा जान तथा संकुल समन्वयक तरुण देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत राज्य शासन द्वारा ‘न्योता भोज’ की अभिनव पहल शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य सामुदायिक सहयोग से बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना और समाज की सहभागिता को बढ़ावा देना है। इस पहल के तहत कोई भी व्यक्ति या सामाजिक संगठन जन्मदिन, वर्षगांठ अथवा अन्य विशेष अवसरों पर विद्यालय, आश्रम या छात्रावास में बच्चों के लिए भोजन का आयोजन कर सकता है।
कलेक्टर की इस पहल ने समाज के समक्ष संवेदनशील प्रशासन का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है और बच्चों के प्रति स्नेह एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया है।











