ग्राम पेंड्रावन में जन्म शताब्दी वर्ष पर दो दिवसीय पंचकुण्डीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बड़े राजपुर ब्लाक अंतर्गत ग्राम पेंड्रावन में जन्म शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार, विकासखंड बड़े राजपुर, जिला कोंडागांव (छत्तीसगढ़) के तत्वावधान में दिनांक 19 फरवरी 2026 से 20 फरवरी 2026 तक दो दिवसीय पंचकुण्डीय गायत्री महायज्ञ का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन किया गया। यह महायज्ञ ग्राम के पावन स्थल सती माता, कुंवारी मावली माता एवं शीतला माता के धाम में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हो रहा है।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस का शुभारंभ मंगल कलश यात्रा से हुआ, जिसमें गायत्री परिवार के परिजनों, माता-बहनों एवं ग्रामीण श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा पूरे ग्राम का भ्रमण करते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना की गई। संध्या बेला में आयोजित दीप यज्ञ ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा एवं दिव्यता से ओत-प्रोत कर दिया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया।

इस पावन अवसर पर केशकाल विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक नीलकंठ टेकाम जी सपरिवार उपस्थित होकर यज्ञ में सहभागिता निभाई। उनकी गरिमामयी उपस्थिति गायत्री परिवार के लिए गौरव एवं प्रेरणा का विषय रही। उन्होंने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज में नैतिक मूल्यों, संस्कार एवं आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाने वाला बताया।

गायत्री महायज्ञ के सफल आयोजन में ग्राम पेंड्रावन के शिव शक्ति युवा संगठन, माता-बहनों, गणमान्य नागरिकों, गायता पुजारी एवं सरपंच महोदय सहित समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।

कार्यक्रम के द्वितीय दिवस 20 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे से मुख्य यज्ञ एवं आहुतियां सम्पन्न होंगी। आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार, बुजुर्ग माता-पिता एवं बच्चों सहित यज्ञ में सम्मिलित होकर आहुतियां प्रदान करें तथा अपने जीवन को पुण्यमय एवं धन्य बनाएं।

यह महायज्ञ ग्राम पेंड्रावन में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai