महिला अपराध, साइबर सुरक्षा व नशामुक्ति पर पुलिस का जागरूकता अभियान ग्राम घोड़ाझर में ग्रामीणों व विद्यार्थियों को नए आपराधिक कानूनों की दी गई जानकारी साइबर ठगी से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की अपील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

केशकाल
जिला कोण्डागांव पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में कानून संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना केशकाल पुलिस द्वारा ग्राम घोड़ाझर में महिला अपराध, साइबर सुरक्षा, यातायात नियम, नवीन आपराधिक कानून एवं नशामुक्ति विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों और विद्यार्थियों को विस्तारपूर्वक जानकारी देकर जागरूक किया गया।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों से सतर्क करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक बनाना है।

गुरुवार को आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास बघेल ने ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों को साइबर ठगी के नए तरीकों, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध कॉल और लिंक से सावधान रहने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराना चाहिए।

कार्यक्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अभिनव उपाध्याय ने महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन की अनिवार्यता तथा भारत सरकार द्वारा लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने नशामुक्ति अभियान के तहत नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों और समाज पर उनके नकारात्मक प्रभावों के बारे में भी विस्तार से बताया और युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत होनहेड के सरपंच, ग्राम पटेल, आंगनबाड़ी सहायिका, मितानिन, बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस सहायता केन्द्र कुएमारी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक गोपाल सिंह ठाकुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही।

पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराध, महिला अपराध या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai