कोण्डागांव/मर्दापाल।
थाना मर्दापाल क्षेत्र में हुई जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव के सीधे निर्देश पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 फरवरी 2026 को प्रार्थी समलू कोर्राम (ढोलमांदरी मंदिरपारा) ने थाना मर्दापाल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके डेढ़शाला फोहडू राम बघेल (50 वर्ष) की हत्या कर दी गई है। आरोप था कि उसारू कोर्राम (40 वर्ष, निवासी मेंढ़पाल) ने पुरानी रंजिश के चलते बांस डंडा और लोहे की टंगिया (कुल्हाड़ी) से हमला कर गला काटकर हत्या कर दी।
रिपोर्ट के आधार पर थाना मर्दापाल में मर्ग क्रमांक 04/2026 धारा 194 बीएनएसएस तथा अपराध क्रमांक 04/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में दो विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी करते हुए आरोपी को ग्राम गोलावण्ड रोड जंगल के पास से उसी दिन गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पूर्व में हुए विवाद और मारपीट की पुरानी रंजिश के कारण उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को 04 फरवरी 2026 को माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, कोण्डागांव में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मी :
निरीक्षक राजकुमार सोरी, सउनि नरेश कुमार साहू, प्र.आर. 12 मूलचन्द बघेल, प्र.आर. 229 संत राम नायक, प्र.आर. 299 हिरदू राम बघेल, आरक्षक 964 समीर नेताम, आरक्षक 373 विरेंश सिंह, आरक्षक 730 तोषण कश्यप, आरक्षक 988 भुनेश्वर मरकाम तथा आरक्षक 830 मेघनाथ यादव।










