कोंडागांव।
जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, अपराधों की रोकथाम एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में एक विशेष अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में समस्त पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, थाना/चौकी प्रभारी एवं जिले के अभियोजन अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा लंबित अपराध प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, पुराने मामलों के लिए विशेष अभियान चलाने तथा लंबित समंस-वारंट की शत-प्रतिशत तामिली सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने थानों में आने वाले फरियादियों के साथ मित्रवत व्यवहार करने एवं उनकी शिकायतों पर तत्काल और संवेदनशील कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, आरोपियों को अधिक से अधिक सजा दिलाने के लिए जिला अभियोजन अधिकारी से समन्वय स्थापित कर विवेचना को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। अभियोजन अधिकारियों ने भी विवेचना की बारीकियों पर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
जनता और पुलिस के बीच मधुर संबंध स्थापित करने हेतु चलित थाना, सामुदायिक पुलिसिंग, तथा सायबर अपराध, एटीएम/बैंक फ्रॉड और यातायात नियमों को लेकर जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने, निरंतर पेट्रोलिंग, सीमावर्ती क्षेत्रों में धान खरीदी चेक पोस्ट तथा त्योहारों के दौरान चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के आदेश भी दिए गए।
कॉप ऑफ द मंथ से उत्कृष्ट अधिकारियों का सम्मान

बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को “कॉप ऑफ द मंथ” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में—
अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) फरसगांव श्री अभिनव उपाध्याय,
थाना प्रभारी विश्रामपुरी उप निरीक्षक विनोद नेताम,
आर. अजरंग बघेल शामिल हैं।
इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले अन्य थाना प्रभारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
अपराध समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।











