बड़ेराजपुर :~ कांकेर जिले के चारामा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कहाड़गोंदी, पुरी में कोया बुमकाल क्रांति सेना द्वारा आयोजित केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन हुआ। इस शिविर में कांकेर जिले के चारामा ब्लॉक सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए गोंड समाज के युवाओं ने हिस्सा लिया। “सत्य की खोज” की इस वैचारिक यात्रा में युवाओं ने अपनी संस्कृति, पहचान और अधिकारों को लेकर गहन मंथन किया। कार्यक्रम में गोंडवाना समाज समन्वय समिति विकास खंड बड़ेराजपुर के सदस्यों ने मार्गदर्शक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
*शिक्षा, स्वास्थ्य और शोषण मुक्त समाज पर जोर*
प्रशिक्षण का मूल उद्देश्य समाज के युवाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और एक शोषण-मुक्त व कर्ज-मुक्त समाज की स्थापना करना रहा। वक्ताओं ने शिक्षा और स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब तक समाज शिक्षित नहीं होगा, तब तक वह अपने अधिकारों की रक्षा नहीं कर पाएगा। शिविर में स्वशासन की अवधारणा को विस्तार से समझाया गया, ताकि ग्रामीण व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।
*पूर्वजों की ग्राम व्यवस्था और संस्कृति का संरक्षण-*
इस आयोजन के माध्यम से पूर्वजों द्वारा निर्मित पारंपरिक ग्राम व्यवस्था को संरक्षित करने और उसे नई पीढ़ी तक हस्तांतरित करने का संकल्प लिया गया। प्रशिक्षण के दौरान सामाजिक और धार्मिक व्यवस्थाओं के अध्ययन के साथ-साथ युवाओं को अपनी जड़ों से जुड़ने और स्वयं की पहचान को गौरवान्वित करने की सीख दी गई। मार्गदर्शकों ने कहा कि अपनी संस्कृति को बचाना ही समाज का असली भविष्य है।
*प्रशस्ति पत्र वितरण एवं उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद*
प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी युवक-युवतियों को समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गोंडवाना समाज समन्वय समिति बड़ेराजपुर के ब्लॉक अध्यक्ष प्रभु केमरो, सचिव टिसो नेताम, उपखंड अध्यक्ष बुधराम मंडावी, पंचु नेताम, मेशो मरकाम, जगनाथ मरकाम, बासी मरकाम और रमेश मरकाम उपस्थित रहे।
साथ ही जिला प्रभारी सोमनाथ नेताम, कोया पुनेम मांझी जगत मरकाम, लक्ष्मण मरकाम, अजय मरकाम, संतु मरकाम, बलदेव नेताम, बीरेंद्र नेताम, प्रकाश मरकाम, मिथलेश नेताम, कबिलाल मरकाम, किशोर मरकाम, अमर मंडावी, जयलाल मरकाम, दिलीप नेताम सहित समस्त युवा प्रभाग के साथियों ने युवाओं को समाज को जागरूक करने और सही दिशा प्रदान करने का आशीर्वाद दिया।










