*सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस का ‘गुलाबी’ संदेश:-*
बांसकोट :~ सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए कोंडागांव जिले की बांसकोट पुलिस चौकी ने एक अनूठी पहल की है। नववर्ष के अवसर पर चौकी प्रभारी तरुण माईती के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ ने सड़क पर उतरकर वाहन चालकों को ‘गांधीगिरी’ के अंदाज में सुरक्षा का पाठ पढ़ाया।
*हेलमेट और सीटबेल्ट पर जोर-*
इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस बल ने दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन चालकों को सीटबेल्ट लगाने की अनिवार्यत: समझाई। पुलिस ने चालकों को बताया कि यातायात नियम केवल जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं की जीवन रक्षा के लिए हैं।
*फूलों के साथ दी नववर्ष की बधाई-*

अभियान की सबसे खास बात यह रही कि पुलिस केवल सख्त तेवरों में नजर नहीं आई। नियमों का पालन करने वाले और जागरूक चालकों को उपनिरीक्षक तरुण माईती, सहा.उपनिरीक्षक दिनेश पटेल एवं अन्य स्टाफ द्वारा गुलाब के फूल और गुलदस्ते भेंट कर नववर्ष की शुभकामनाएं दी गईं। पुलिस के इस व्यवहार ने वाहन चालकों को सुखद आश्चर्य में डाल दिया।
*सुरक्षित सफर का संकल्प-*
चौकी प्रभारी तरुण माईती ने कहा कि सड़क सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है। समझाइश के दौरान यात्रियों को भी सचेत किया गया कि वे तेज रफ्तार या नशे में वाहन चलाने वाले चालकों को रोकें। इस दौरान बांसकोट चौकी के समस्त स्टाफ ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए लोगों को सुरक्षित सफर का संकल्प दिलाया और कहा कि “हमारा उद्देश्य चालान काटना नहीं, बल्कि हर नागरिक को सुरक्षित उनके घर तक पहुँचाना है। उम्मीद है कि फूल भेंट करने की यह पहल लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाएगी।”










