कांकेर के आमाबेड़ा में भड़का आक्रोश, चर्च में आगजनी पत्थरबाजी में एएसपी गंभीर घायल, हालात तनावपूर्ण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कांकेर जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़े तेवड़ा में मतांतरित सरपंच के पिता के शव को गांव में दफनाने को लेकर उपजा विवाद अब सांप्रदायिक और सामाजिक तनाव में तब्दील हो गया। चार दिनों से सुलग रहा यह विवाद गुरुवार को हिंसक रूप ले बैठा, जब आक्रोशित ग्रामीणों ने सरपंच के घर में तोड़फोड़, एक चर्च में आगजनी और दो अन्य चर्चों में जमकर तोड़फोड़ कर दी।

स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस पर भी ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस दौरान अंतागढ़ एएसपी आशीष बंछोर गंभीर रूप से घायल हो गए। लाठीचार्ज और पत्थरबाजी में कई ग्रामीणों को भी चोटें आई हैं। गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात फिलहाल तनावपूर्ण बने हुए हैं।

शव निकालने की कोशिश के बाद भड़की हिंसा

बुधवार को सर्व समाज के लोग बड़ी संख्या में कब्र स्थल पहुंचे और दफनाए गए शव को निकालने का प्रयास करने लगे। इसका सरपंच और उसके समर्थकों ने विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चल गए। इस झड़प में दर्जनभर से अधिक लोग घायल हुए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया, लेकिन इसके बाद भी आक्रोश शांत नहीं हुआ। सर्व समाज के लोगों ने आमाबेड़ा आने-जाने वाले सभी मार्गों को जाम कर दिया।


प्रशासन ने शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

स्थिति बिगड़ते देख प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सरपंच की बाड़ी से उसके पिता का शव निकलवाकर जिला अस्पताल कांकेर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इसके बावजूद आक्रोशित भीड़ उग्र बनी रही और देर शाम हिंसक घटनाएं सामने आईं।

क्या है पूरा मामला

ग्राम बड़े तेवड़ा के मतांतरित सरपंच राजमन सलाम के पिता चमराराम सलाम की रविवार शाम जिला अस्पताल कांकेर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। सोमवार सुबह सरपंच ने गांव में ही उनका शव दफना दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान गांव के लोगों को सूचना नहीं दी गई और केवल मतांतरित समुदाय के लोगों को बुलाया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि मतांतरित व्यक्ति का शव गांव में दफनाया जाना आदिवासी परंपराओं के खिलाफ है, इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता चला गया और हिंसा में तब्दील हो गया।

प्रशासन अलर्ट, गांव में पुलिस तैनात

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।

> “आमाबेड़ा की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं।”
— प्रशासनिक अधिकारी

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai