कोण्डागांव, दिसंबर 2025/
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेणु प्रकाश, परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि कुपोषण उन्मूलन और महिलाओं-बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्रों के बेहतर संचालन पर जोर
कलेक्टर ने सभी सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों के बेहतर रखरखाव को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण मिल सके। उन्होंने बच्चों को बेसिक हाइजेनिक आदतें सिखाने, गर्म पका हुआ भोजन एवं रेडी-टू-ईट आहार नियमित रूप से उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
सुपोषित जीवन अभियान की नियमित मॉनिटरिंग
कुपोषण में कमी लाने हेतु संचालित सुपोषित जीवन अभियान के अंतर्गत बच्चों की पोषण स्थिति की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पोषण ट्रैकर में शत-प्रतिशत प्रविष्टि, एफआरएस प्रक्रिया, पोषण सामग्री का समयबद्ध वितरण एवं अन्य कार्यों को त्रुटिरहित रूप से पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को मिलेगी गति
कलेक्टर ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया, ताकि समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच को और मजबूत किया जा सके।
विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, महतारी वंदन योजना, नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना सहित अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। पोस्ट ऑफिस के अधिकारियों द्वारा सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत खाता खोलने एवं केवाईसी प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेणु प्रकाश, बाल संरक्षण अधिकारी, समस्त परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










