गोविंदपुर जंगल में मिला शव, तीन दिन से था लापता — ग्रामीणों में दहशत
विश्रामपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसमी के आश्रित ग्राम गोविंदपुर के पास चनाभरी जंगल में शनिवार दोपहर एक अधेड़ व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव का सिर गायब होने के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल है तथा घटना को लेकर तरह–तरह की चर्चाएँ जारी हैं।
मृतक की पहचान लछिंदर पांडे पिता तेजूराम पांडे (उम्र 52 वर्ष) निवासी ग्राम बाडा़गांव के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार मृतक बुधवार को विश्रामपुरी साप्ताहिक बाजार जाने के बाद से ही लापता था। शुरुआत में परिजनों ने सोचा कि वे किसी रिश्तेदार के यहाँ रुक गए होंगे, परंतु दो दिन बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
शनिवार को कुछ ग्रामीणों ने जंगल में सिर रहित शव पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस दल मौके पर पहुंचकर पंचनामा एवं जांच की कार्यवाही में जुट गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के शव की स्थिति अत्यंत भयावह है और क्षेत्र में भालू सहित अन्य जंगली जानवरों की सक्रियता को देखते हुए कुछ लोग इसे वन्यजीव हमला बता रहे हैं, जबकि कई लोग हत्या की आशंका भी जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है तथा सिर की तलाश एवं घटना के कारणों की जांच जारी है।
ग्रामीणों में दहशत
जंगल में शव मिलने के बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल।
रात में जंगल की ओर आवाजाही पर ग्रामीणों ने रोक लगाने का निर्णय लिया।
पुलिस का बयान
मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वास्तविक कारण स्पष्ट होगा










