लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और वारंटों की शत-प्रतिशत तामिली पर जोर

अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा और कसेगा: एसपी पंकज चन्द्रा ने दिए सख्त निर्देश

कोंडागांव जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन ने अब कार्रवाई तेज करने का फैसला लिया है। पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में जिला पुलिस कार्यालय में विशेष अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, अनुविभागीय अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित पुलिस कार्यालय के शाखा प्रभारियों ने भाग लिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराधों, शिकायतों, विवेचना की प्रगति और कानून व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। गंभीर एवं लंबित मामलों की विवेचना शीघ्र पूरी कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया गया।

फरार आरोपियों और असामाजिक तत्वों पर कसेगा शिकंजा

एसपी ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी अभियान चलाने, लंबित समन एवं वारंटों की शत-प्रतिशत तामिली सुनिश्चित करने तथा आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही रात्रि गश्त बढ़ाने, सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग और विजिबल पुलिसिंग को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

सोशल मीडिया और साइबर अपराधों पर भी पैनी नजर

बैठक में सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग करने और अफवाह अथवा भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा साइबर अपराध, ऑनलाइन बैंकिंग एवं एटीएम धोखाधड़ी से बचाव को लेकर आम लोगों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा डिजिटल सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति नागरिकों को जागरूक करने की बात कही गई।

जनता से बेहतर संवाद और दोषसिद्धि बढ़ाने पर जोर

पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को सामुदायिक पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने तथा ग्राम स्तर पर जनसंवाद बढ़ाने के निर्देश दिए। फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने अभियोजन अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर न्यायालय में दोषसिद्धि प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश भी दिए।

एसपी पंकज चन्द्रा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

Leave a Comment