500 से ज्यादा बाइकों पर सवार होगा तिरंगा, केशकाल से लंजोड़ा तक गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का जयघोष

विधायक नीलकंठ टेकाम के नेतृत्व में 13 अगस्त को निकलेगी विधानसभा स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा, प्रशासन-पुलिस ने तैयारियों को लेकर बनाई रणनीति

केशकाल में आजादी और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 13 अगस्त को केशकाल विधानसभा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस यात्रा में 500 से अधिक बाइक शामिल होंगी। विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं नगरों से नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर इस राष्ट्रभक्ति के महाअभियान में सहभागी बनेंगे।

तिरंगा यात्रा को लेकर जनपद पंचायत कार्यालय केशकाल के सभाकक्ष में विधानसभा स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के रूट, यातायात, सुरक्षा, अनुशासन एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।

केशकाल से शुरू होगी यात्रा, लंजोड़ा में होगा समापन

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 अगस्त को सुबह 11 बजे केशकाल बस स्टैंड से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) से होते हुए लंजोड़ा तक पहुंचेगी, जहां इसका समापन किया जाएगा। यात्रा में 500 से अधिक बाइक के साथ विधानसभा क्षेत्र के सभी वर्गों के नागरिक तिरंगा लेकर शामिल होंगे।

“तिरंगे के सम्मान के साथ सुरक्षा भी जरूरी” — विधायक टेकाम

विधायक नीलकंठ टेकाम ने यात्रा में शामिल होने वाले लोगों से राष्ट्रभक्ति के साथ सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने सभी बाइक सवारों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर सुरक्षित एवं अनुशासित तरीके से यात्रा में शामिल होने के निर्देश दिए।

विधायक टेकाम ने कहा कि जिस तरह केशकाल विधानसभा क्षेत्र में जंगल यात्रा ने अपनी अलग पहचान बनाई है, उसी तरह तिरंगा यात्रा को भी प्रतिवर्ष आयोजित कर एक नई परंपरा और इतिहास बनाया जाना चाहिए। यह यात्रा केवल बाइक रैली नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।

प्रशासन और पुलिस ने संभाली व्यवस्था की कमान

बैठक में केशकाल SDM आकांक्षा नायक, फरसगांव SDM आश्ववन पुशाम, तहसीलदार गणेश सिदार, विश्रामपुरी तहसीलदार फड़ेश्वर सोम, केशकाल SDOP अरुण नेताम एवं फरसगांव SDOP अभिनव उपाध्याय सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा एवं मार्ग प्रबंधन को लेकर आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की।

इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज ब्लॉक अध्यक्ष फरसु सलाम, केशकाल विधानसभा के विभिन्न मंडल अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

13 अगस्त को दिखेगा देशभक्ति का विशाल नजारा

केशकाल से लंजोड़ा तक निकलने वाली यह तिरंगा यात्रा विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश देने वाली एक बड़ी पहल के रूप में देखी जा रही है। 500 से अधिक बाइक और हाथों में लहराता तिरंगा 13 अगस्त को केशकाल की सड़कों पर देशभक्ति का भव्य नजारा प्रस्तुत करेगा।

Leave a Comment