जनता की चौपाल में विधायक नीलकंठ टेकाम: सुनी हर गांव की आवाज, विकास कार्यों पर दिए त्वरित कार्रवाई के भरोसे

चारभाटा में सामाजिक भवन, ओंडकापारा में पानी टैंकर और ईरागांव की मूलभूत सुविधाओं सहित कई मांगों पर सकारात्मक आश्वासन, विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम का मिला आमंत्रण

केशकाल। केशकाल विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीलकंठ टेकाम ने अपने कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण मांगें विधायक के समक्ष रखीं, जिन पर विधायक ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।

जनसुनवाई के दौरान ग्राम चारभाटा से पहुंचे आदिवासी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन के लिए सामाजिक भवन निर्माण की मांग रखी। वहीं बड़ेराजपुर विकासखंड के ओंडकापारा से आए ग्रामीणों ने पेयजल संकट को देखते हुए पानी टैंकर उपलब्ध कराने सहित अन्य आवश्यक जनसुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

इसी क्रम में ईरागांव के नागरिकों ने सड़क, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। साथ ही आगामी विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु विधायक नीलकंठ टेकाम को आत्मीय आमंत्रण भी दिया।

विधायक नीलकंठ टेकाम ने सभी प्रतिनिधिमंडलों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने एवं समस्याओं के शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि “विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान और क्षेत्र का समग्र विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता के विश्वास पर खरा उतरना मेरा दायित्व है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।”

जनसुनवाई के दौरान विधायक कार्यालय में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याओं को सीधे विधायक के समक्ष रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई होगी।

Leave a Comment