15 अगस्त की तैयारियों पर कलेक्टर सख्त, रोड सेफ्टी टास्क फोर्स गठन और पुनर्वासितों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश

समय-सीमा की बैठक में विकास कार्यों की गहन समीक्षा, श्रम पंजीयन, पौधरोपण, डायरिया रोकथाम और ऑनलाइन उपस्थिति पर विशेष जोर

कोण्डागांव। जिला कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, निर्माण कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।

बैठक में आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रोड सेफ्टी टास्क फोर्स के गठन की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने पुनर्वासित परिवारों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए चल रहे सर्वे कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को बिना विलंब शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में जिले में संचालित सभी शासकीय निर्माण कार्यों में कार्यरत मजदूरों का श्रम पंजीयन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग से डायरिया नियंत्रण अभियान की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने जनजागरूकता, स्वच्छता और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

हर स्कूल होगा हराभरा अभियान के तहत कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को वन विभाग से पौधे प्राप्त कर जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में व्यापक पौधरोपण कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित हो सके।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों में ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली (ऑनलाइन अटेंडेंस) की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों में इसे शीघ्र लागू करने के निर्देश देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने तथा कार्यालयीन अनुशासन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

“समयबद्ध कार्य, जनहित सर्वोपरि — विकास और सुशासन की दिशा में कोण्डागांव प्रशासन का बड़ा कदम।”

Leave a Comment