[IT_EPOLL id=”1″][/IT_EPOLL]धमाके के बाद पसरा सन्नाटा… फिर पीड़ितों के आंगन पहुँची संवेदनाओं की दस्तक
घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक ली जानकारी, कहा— संकट की इस घड़ी में परिवार अकेला नहीं
छिंदली-कोपरा गांव में गैस सिलेंडर हादसे के बाद जहां एक ओर दर्द, चिंता और भय का माहौल बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर विधायक नीलकंठ टेकाम ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया। हादसे के बाद पहली बार गांव पहुंचे विधायक ने उस स्थान का निरीक्षण किया जहां कुछ ही क्षणों में एक सामान्य दिन भयावह हादसे में बदल गया था।घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों से चर्चा के दौरान विधायक ने हादसे की पूरी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने घायल बुजुर्ग दम्पति एवं अन्य प्रभावित परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
रायपुर तक रखी नजर, डॉक्टरों से सीधे की बात
हादसे में गंभीर रूप से झुलसे मरीजों का उपचार रायपुर में जारी है। विधायक टेकाम ने अस्पताल में मौजूद अटेंडरों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेने के साथ-साथ चिकित्सकों से भी दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने घायलों को बेहतर उपचार और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
“दर्द बांटने आया हूं, राजनीति करने नहीं”
पीड़ित परिवारों के बीच भावुक दिखे विधायक ने कहा कि यह घटना पूरे क्षेत्र के लिए दुखद है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरा क्षेत्र पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।








