उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विकास कार्यों की समीक्षा की, कहा— नई तकनीक अपनाकर समस्याओं का करें त्वरित समाधान

कोंडागांव। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को कोण्डागांव जिला मुख्यालय में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावी कार्यशैली अपनाने, नई तकनीकों का उपयोग करने तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री ने जिले के नगरीय निकायों कोंडागांव, केशकाल और फरसगांव में वर्षा ऋतु से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने, स्वच्छता व्यवस्था मजबूत बनाने तथा नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल एवं पुलिया निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

साव ने कहा कि कोण्डागांव जिला विकास की अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र है। केशकाल घाट बायपास का निर्माण क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा, इसलिए भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित रहा यह क्षेत्र अब विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है और दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक विकास पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।

नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने वर्षा ऋतु से पहले नालियों की सफाई पूर्ण करने, पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच करने तथा अधिकारियों को प्रतिदिन मॉर्निंग विजिट करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्य मिशन मोड में पूरा करने और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने पर बल दिया। साथ ही सभी नगरीय निकायों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने, निर्माणाधीन योजनाओं का नियमित फील्ड निरीक्षण करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग को निर्माणाधीन सड़कों, पुलों और भवनों के कार्यों में गति लाकर समय-सीमा के भीतर पूरा करने को कहा गया।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने खेल गतिविधियों के बेहतर समन्वय और प्रभावी आयोजन पर जोर देते हुए युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए विशेष पहल करने के निर्देश दिए।बैठक में जल प्रदाय परियोजनाओं, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), आकांक्षी शौचालय निर्माण, राजस्व वसूली तथा राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment