शासकीय धन के दुरुपयोग का आरोप, कहा – सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत समस्याएं अब भी बरकरार
कोंडागांव। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोंडागांव के अध्यक्ष संजय करन ने प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित सुशासन तिहार को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस आयोजन को पूरी तरह दिखावटी बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम जनता के हितों के बजाय केवल सरकारी उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार का माध्यम बनकर रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुशासन तिहार के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि आम जनता आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।
संजय करन ने जारी बयान में कहा कि सरकार एक ओर सुशासन के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर जिले के कई गांव आज भी जर्जर सड़कों, खराब पहुंच मार्ग, पेयजल संकट और अव्यवस्थित बिजली व्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। शहरों में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार इन वास्तविक मुद्दों के समाधान के बजाय उत्सव मनाने में व्यस्त है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में सुशासन स्थापित करना चाहती है तो उसे सबसे पहले जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सुशासन तिहार के आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अनावश्यक व्यवस्थाओं में लगाया जा रहा है, जिससे नियमित शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जनता अब केवल घोषणाएं और प्रचार नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाला विकास चाहती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि शासकीय धन का उपयोग जनहित के कार्यों में किया जाए, न कि केवल आयोजन और प्रचार-प्रसार पर खर्च किया जाए।
संजय करन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाती रही है और आगे भी आम नागरिकों के हितों के लिए आवाज बुलंद करती रहेगी। साथ ही उन्होंने प्रशासन से पारदर्शिता के साथ कार्य करने और जनता की वास्तविक समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।









