पीएम पोषण योजना के तहत स्कूली बच्चों को परोसे गए पौष्टिक व्यंजन, स्थानीय अनाजों को बढ़ावा देने की पहल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विश्रामपुरी
विकासखंड बड़े राजपुर में स्कूली बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक सराहनीय पहल के तहत ‘श्री अन्न न्योता भोज’ का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला कलेक्टर श्रीमती नुपुर राशि पन्ना के निर्देशन, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी कीर्ति कुमार साहू एवं गजेंद्र कुमार ठाकुर सहायक खंड शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में बच्चों को स्थानीय स्तर पर उत्पादित ‘श्री अन्न’ यानी रागी (स्थानीय भाषा में माड़िया) से बने विभिन्न स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन परोसे गए। बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ रागी से बने हलवा, खीर एवं पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत बच्चों के आहार में पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाना और उन्हें मोटे अनाजों के महत्व से अवगत कराना है। रागी, जिसे कैल्शियम और आयरन का भरपूर स्रोत माना जाता है, बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी है।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें संकुल समन्वयकों, शिक्षकों, शाला प्रबंधन समितियों, महिला स्व-सहायता समूहों एवं रसोइयों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। सभी के संयुक्त प्रयास से रागी आधारित व्यंजन तैयार किए गए, जिसने इस आयोजन को सामुदायिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बना दिया।
इस दौरान शिक्षकों ने बच्चों को ‘श्री अन्न’ के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि
“न्योता भोज जैसी पहल से बच्चों को पोषण युक्त भोजन मिल रहा है, साथ ही स्थानीय किसानों को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार की पहल पर संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2023 को ‘अंतर्राष्ट्रीय मिलेट वर्ष’ घोषित किया गया था, जिसके बाद से देशभर में मोटे अनाजों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai