कोंडागांव।
जिला कोंडागांव में मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मछली पालन विभाग द्वारा राज्य प्रवर्तित योजना के अंतर्गत मत्स्य पालन प्रसार कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को ग्राम मटवाल में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में दो मत्स्य पालक कृषकों को मछली पकड़ने के लिए जाल वितरित किए गए।
यह जाल शत-प्रतिशत अनुदान पर प्रति कृषक 10 हजार रुपये की लागत से प्रदान किए गए। जाल वितरण कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने हितग्राहियों को जाल प्रदान कर उन्हें मत्स्य पालन के माध्यम से आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जनपद उपाध्यक्ष श्री टोमेन्द्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
सहायक संचालक, मछली पालन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और मत्स्य कृषकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा कई महत्वाकांक्षी आजीविका कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत तालाब एवं पोखर निर्माण, पोंड लाइनर स्थापना सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मत्स्य कृषकों की आय बढ़ाने के लिए कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में ग्राम पुसपाल निवासी श्री शामू राम कश्यप एवं ग्राम जोड़ेंगा निवासी श्री दिनेश दीवान को मत्स्याखेट के लिए जाल प्रदान किए गए, जिससे उन्हें मछली उत्पादन और आय में वृद्धि करने में सहायता मिलेगी।










