लक्ष्मीनाथ नाग
कोण्डागांव।जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण केशकाल बायपास मार्ग के निर्माण कार्य का शुक्रवार को कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने स्थल पर पहुंचकर गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी ली।
इस दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्य में आ रही संभावित बाधाओं और समस्याओं को लेकर राजस्व विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग एवं वन विभाग के अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने संबंधित ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द बेहतर और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, एसडीएम सुश्री आकांक्षा नायक, तहसीलदार गणेश सिदार, राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता प्रज्ञानंद तथा वन विभाग की एसडीओ सुषमा नेताम सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
केशकाल बायपास बनने से मिलेगी बड़ी राहत
केशकाल बायपास मार्ग के निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होगी। साथ ही भारी वाहनों के शहर में प्रवेश कम होने से दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।











