घोटुल-सांस्कृतिक केंद्र हेतु 5 करोड़ की स्वीकृति, कोंडागांव को मिली बड़ी सौगात विधायक लता उसेंडी के प्रयासों से ग्राम बनजुगानी में बनेगा जनजातीय युवाओं का सांस्कृतिक केंद्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोंडागांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बनजुगानी में घोटुल एवं जनजातीय युवाओं के लिए आधुनिक सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा इस परियोजना के लिए 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्वीकृति से जिले में जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को नई मजबूती मिलेगी।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुअल ओराम, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा प्रदेश के जनजातीय मंत्री श्री राम विचार नेताम के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति कोंडागांव जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो आने वाले समय में जनजातीय युवाओं के सांस्कृतिक विकास और पहचान को नई दिशा प्रदान करेगी।

विधायक सुश्री उसेंडी ने बताया कि प्रस्तावित घोटुल-सांस्कृतिक केंद्र जनजातीय युवाओं को अपनी परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक मूल्यों को समझने एवं संरक्षित करने का एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। इसके माध्यम से युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ते हुए उसे आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेगी।

उन्होंने कहा कि यह केंद्र न केवल सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा, बल्कि जनजातीय कला, लोक परंपरा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का माध्यम भी बनेगा। इस पहल से क्षेत्र में सांस्कृतिक जागरूकता के साथ-साथ युवाओं में आत्मगौरव की भावना का भी विकास होगा।

जिलेवासियों ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी एवं शासन के प्रति आभार जताया है। क्षेत्रवासियों को विश्वास है कि इस सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण से कोंडागांव की समृद्ध जनजातीय परंपराओं को नई पहचान और सशक्त मंच मिलेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai