VB–G RAM G जन जागरण टोली के सदस्य बनाए गए, बस्तर में बढ़ा राजनीतिक कद
केशकाल।
केशकाल विधानसभा के विधायक नीलकंठ टेकाम को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय जिम्मेदारी सौंपी गई है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा VB–G RAM G (विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन – ग्रामीण) के अंतर्गत प्रदेश स्तर पर जन जागरण टोली का गठन किया गया है, जिसमें विधायक नीलकंठ टेकाम को सदस्य नियुक्त किया गया है।
प्रदेश स्तरीय इस टोली में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं बस्तर संभाग प्रभारी यशवंत जैन को संयोजक बनाया गया है, जबकि नीलकंठ टेकाम सहित कुल पाँच वरिष्ठ नेताओं को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह जन जागरण टोली प्रदेशभर में VB–G RAM G योजना को लेकर ग्रामीण जनता को जागरूक करने का कार्य करेगी।
बस्तर की 12 आदिवासी विधानसभा क्षेत्रों में प्रभाव
पिछले कुछ समय से विधायक नीलकंठ टेकाम का राजनीतिक कद लगातार बढ़ता हुआ देखा जा रहा है। केशकाल विधानसभा के साथ-साथ बस्तर संभाग की सभी 12 अनुसूचित जनजाति बहुल विधानसभा क्षेत्रों में उनका प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी मिलने के बाद केशकाल विधानसभा के नागरिकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी का माहौल है।
क्या है VB–G RAM G योजना
VB–G RAM G छत्तीसगढ़ सहित देश के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना मानी जा रही है। यह योजना आने वाले समय में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (MGNREGA) का स्थान ले सकती है।
VB–G RAM G का पूर्ण नाम “विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)” है।
योजना की प्रमुख विशेषताएं
ग्रामीण परिवारों को सालाना 125 दिनों का सुनिश्चित रोजगार
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, जल संरक्षण, भंडारण एवं अन्य बुनियादी ढांचे का विकास
ग्रामीण जनता के लिए स्थायी आजीविका के नए अवसर, जिससे आय में वृद्धि
केंद्र व राज्य सरकारों की संयुक्त फंडिंग
पूर्वोत्तर एवं पहाड़ी राज्य: 90:10
अन्य राज्य: 60:40
जन जागरूकता के लिए विशेष ग्राम सभाएं
छत्तीसगढ़ में VB–G RAM G योजना के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन सभाओं में योजना के प्रावधानों, लाभों और रोजगार के अवसरों पर विस्तृत चर्चा की जा रही है, ताकि ग्रामीण जनता को योजना का पूरा लाभ मिल सके।
प्रदेश स्तर पर मिली इस जिम्मेदारी को केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम के राजनीतिक सफर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे बस्तर क्षेत्र में पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क को और गति मिलने की उम्मीद है।










