बड़े राजपुर।
धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना की पावन नगरी बड़े राजपुर के बाजार पारा में प्रति वर्ष की परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी भव्य सत्संग समारोह एवं रामायण मानस गान का आयोजन किया जा रहा है। यह दो दिवसीय धार्मिक आयोजन साहेब रोड लाइंस के तत्वाधान में 31 दिसंबर 2025 एवं 01 जनवरी 2026 को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न होगा।
आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह कार्यक्रम धर्मनगरी बड़े राजपुर की पावन धरा पर स्थित बाजार पारा में आयोजित किया जाएगा, जहां दूर–दराज से श्रद्धालुजन एकत्र होकर रामचरितमानस के मधुर गायन एवं सत्संग का लाभ लेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना, सद्भाव, संस्कार एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रसार करना है।
आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासियों ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी, श्रद्धालु एवं रामभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने एवं आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।











