जुनावाही में जमीन विवाद ने पकड़ा उग्र रूप शासकीय भूमि पर कब्जे का आरोप, आंदोलन की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोंडागांव।
कोंडागांव जिले के घोड़ागांव से लगे ग्राम जुनावाही में जमीन विवाद को लेकर हालात लगातार तनावपूर्ण होते जा रहे हैं। यह विवाद मां दंतेश्वरी हर्बल फार्म से जुड़ा है, जिसका संचालन जिले के चर्चित उन्नत किसान डॉ. राजाराम त्रिपाठी द्वारा किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि डॉ. त्रिपाठी ने अपने नाम दर्ज पट्टे की भूमि के अतिरिक्त गांव की शासकीय भूमि पर भी बेजा कब्जा कर रखा है, जिस पर ग्राम समुदाय का सामूहिक अधिकार है।

ग्रामीणों की शिकायत के बाद राजस्व निरीक्षक (आरआई) और पटवारी मौके पर पहुंचे और सीमांकन की कार्रवाई की गई। सीमांकन में डॉ. राजाराम त्रिपाठी की पट्टाधारी भूमि की सीमा तो चिन्हित कर दी गई, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि कथित रूप से कब्जाई गई शासकीय भूमि को खाली नहीं कराया गया, जिससे गांव में नाराजगी और आक्रोश और बढ़ गया।

ग्राम जुनावाही की निवासी कमला नेताम ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर कई बार तहसील कार्यालय में लिखित आवेदन देकर शासकीय भूमि से कब्जा हटाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि डॉ. त्रिपाठी के पास वैध पट्टा है, तो वे उसी भूमि पर अपने कृषक समूहों के माध्यम से खेती करें, गांव की शासकीय जमीन पर कब्जा करने का उन्हें कोई अधिकार नहीं है।


कमला नेताम ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से इस मुद्दे को सार्वजनिक किया, तो उनके खिलाफ भानपुरी थाना में एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया, जबकि आरोप सीधे तौर पर डॉ. राजाराम त्रिपाठी पर लगाए गए थे। इसी बीच, एक कृषक समूह की सदस्य दसमती नेताम के सामने आकर यह दावा करने से कि जमीन पर कब्जा उन्होंने किया है, पूरे मामले पर सवाल और गहरे हो गए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि आरआई और पटवारी द्वारा यह स्पष्ट नहीं किया गया कि कितनी शासकीय भूमि पर बेजा कब्जा है, जिससे प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

कमला नेताम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही शासकीय भूमि से कब्जा हटाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की गई, तो ग्रामवासी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने साफ कहा कि जरूरत पड़ी तो ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

— खबर से जुड़ा मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है, आने वाले दिनों में प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai